पत्रकार की मौत के बाद भी नहीं थमी डंपरों की रफ्तार , दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक बेअसर, राजधानी के मुख्य मार्गों और भीतरी इलाकों में खुलेआम दौड़ रहे डंपर

पत्रकार की मौत के बाद भी नहीं थमी डंपरों की रफ्तार
दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक बेअसर, राजधानी के मुख्य मार्गों और भीतरी इलाकों में खुलेआम दौड़ रहे डंपर
भोपाल,यश भारत। राजधानी में डंपर की चपेट में आने से एक पत्रकार की दर्दनाक मौत के बाद भी भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। प्रशासन ने दिन के समय शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन जमीनी हकीकत इन आदेशों से अलग नजर आ रही है। शहर के मुख्य मार्गों से लेकर भीतरी इलाकों तक डंपर खुलेआम दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। इस स्थिति ने प्रशासन की यातायात व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है तो आखिर इन वाहनों को सड़कों पर आने की अनुमति कैसे मिल रही है? नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी किसकी है क्या संबंधित विभागों के अधिकारी इस पर निगरानी नहीं रख रहे हैं पत्रकार की मौत के बाद भी यदि व्यवस्था में सुधार नहीं होता है तो यह चिंता का विषय है। नागरिकों का सवाल है कि प्रशासन किसी और बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है जरूरी है कि प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाए और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई हो ताकि भविष्य में किसी और परिवार को अपूरणीय क्षति न उठानी पड़े।







