पहाड़ी सड़क पर काल बना बेकाबू वाहन, छह महिलाओं समेत सात की मौत

पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोटद्वार क्षेत्र के रिखणीखाल ब्लॉक में रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक सहित सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में छह महिलाएं शामिल हैं, जो स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। सभी महिलाएं बैंक का काम पूरा करने के बाद अपने गांव लौट रही थीं।
जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी कार्य के लिए सिद्धखाल गई थीं। काम निपटाने के बाद वे एक वाहन से वापस अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार सातों लोगों की जान चली गई।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए खाई में गिरे वाहन से लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना पर प्रशासन और बचाव दल की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिलाएं आसपास के गांवों की रहने वाली थीं। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायल लोगों को आवश्यकता पड़ने पर एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था करने को भी कहा है।







