विकास को गति: अमृत योजना से संवरेगी पाठक तलैया, 1.29 करोड़ के निर्माण कार्यों की शुरुआत

दमोह। शहर में विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए दमोह विधायक जयंत मलैया ने अमृत योजना के अंतर्गत मुकेश कॉलोनी स्थित पाठक तलैया के सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इसके साथ ही किल्लाई नाका से बालाकोट बायपास चौराहे तक सड़क के दोनों ओर पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। इन दोनों विकास कार्यों पर कुल 1 करोड़ 29 लाख की राशि व्यय की जाएगी।
पाठक तलैया का सौंदर्यीकरण ₹75 लाख की लागत से कराया जाएगा। वहीं, किल्लाई नाका से बालाकोट बायपास चौराहे तक सड़क के दोनों ओर पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य ₹54 लाख की लागत से किया जाएगा। इन कार्यों के पूर्ण होने से शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ ही नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर विधायक जयंत मलैया ने कहा कि दमोह शहर में विकास कार्य निरंतर जारी हैं। विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, निर्माण कार्यों और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर को अधिक सुंदर, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा विकास कार्यों के माध्यम से शहर की तस्वीर बदलने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। अमृत योजना सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत शहर में विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष सुषमा विक्रम सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र सिंह लोधी एवं आम नागरिक मौजूद रहे।







