सरकारी धान खरीदी में गड़बड़ी की जांच, EOW ने मंडी में खंगाले दस्तावेज
जबलपुर ,यशभारत ।

सरकारी धान खरीदी में गड़बड़ी की जांच, EOW ने मंडी में खंगाले दस्तावेज
जबलपुर ,यशभारत । जिले में सरकारी धान की खरीदी और मिलिंग में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की टीम ने शुक्रवार को गोरखपुर कृषि उपज मंडी में दबिश दी। जबलपुर से पहुंची टीम ने मंडी अधिकारियों से पूछताछ की और खरीदी एवं व्यापार से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी जुटाई। टीम ने मंडी सचिव और उपसचिव से एक जनवरी से नवंबर 2026 तक मंडी में पहुंचे क्रेता-विक्रेताओं की संख्या, पंजीयन, जमा मंडी शुल्क और लाइसेंसधारी व्यापारियों का रिकॉर्ड मांगा। जांच के दौरान मंडी में तौल व्यवस्था और लेनदेन के पुख्ता प्रमाणों की कमी से जुड़े सवाल भी सामने आए।जांच का दायरा केवल मंडी तक सीमित नहीं है। टीम ने जिला नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय से भी धान खरीदी और मिलिंग से संबंधित दस्तावेज जुटाए हैं। हर्रा स्थित राइस मिल, वेयरहाउस और गणेशपुर की मिल से जुड़े रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में हैं।प्रशासन की पूर्व जांच में किसानों के नाम पर फर्जी तरीके से धान खरीदी दर्शाने और परिवहन संबंधी अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे। अब EOW की टीम मंडी के रिकॉर्ड, किसानों के पंजीयन, धान की आवक और मिलों में हुई मिलिंग के आंकड़ों का मिलान कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी







