बिजली बिल नहीं चुकाने वाले 417 उपभोक्ताओं पर कार्रवाई
जबलपुर, यश भारत।

जबलपुर, यश भारत। बिजली बिलों की बकाया राशि वसूलने के लिए मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने शुक्रवार को शहरभर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 417 बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन पर कुल 1 करोड़ 74 लाख रुपये की राशि बकाया थी। अभियान के दौरान बिजली कंपनी की टीम ने मौके पर ही 27 लाख रुपये की वसूली की।

कंपनी के निर्देश पर शहर के सभी संभागों में बड़े बकायादारों को चिह्नित कर कार्रवाई की गई। अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर बकाया बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे और कई जगह विद्युत केबल भी जब्त की।

प्रेमसागर फीडर क्षेत्र में एक उपभोक्ता पर 2 लाख 14 हजार 117 रुपये बकाया मिलने पर पोल से बिजली लाइन काटी गई। इसी तरह मोहम्मद जावेद पर 81 हजार 959 रुपये, रितेश कुमार बेन पर 66 हजार 293 रुपये, नारायण राव पर 1 लाख 14 हजार 841 रुपये और रामसुख यादव पर 92 हजार रुपये बकाया होने पर कनेक्शन विच्छेदित किए गए।कार्रवाई के दौरान कुछ ऐसे मामले भी सामने आए, जिनमें बकाया राशि के कारण बिजली कनेक्शन काटे जाने के बाद उपभोक्ताओं ने अवैध तरीके से दोबारा बिजली जोड़ ली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर केबल काटी और विद्युत आपूर्ति बंद कराई।बिजली कंपनी ने चेतावनी दी है कि कनेक्शन काटे जाने के बाद बिना अनुमति दोबारा बिजली का उपयोग करने वालों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है। कंपनी ने बकायादारों से समय पर बिल जमा करने की अपील की है।







