
शहपुरा, यशभारत। शहपुरा थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुराचार का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में पांच युवकों को गिरफ्तार कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर नाबालिग को ब्लैकमेल कर जबरन कार में बैठाया और उसके साथ सामूहिक दुराचार किया। आरोप है कि घटना का वीडियो भी बनाया गया और वीडियो के जरिए उसे धमकाकर लगातार उसका शारीरिक शोषण किया जाता रहा। घटना से परेशान नाबालिग ने आखिरकार अपनी मां को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद परिजन ने शहपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा में कराया गया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित सामूहिक दुराचार की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।







