दिल दहला देने वाला कांड: युवक पर डाला पेट्रोल, लाइटर से लगाई आग : घटना से हड़कंप

रीवा । मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र स्थित अलहौवा गांव में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद पर यहां एक युवक पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया है। इस घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया है। इस तरह की घटना करने वाला व्यक्ति सनकी बताया जा रहा है।
घटना से हड़कंप मच गया। बताया गया है कि एक स्थानीय युवक पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचा और अजहरुद्दीन उर्फ राजू पर पेट्रोल छिड़क कर लाइटर से आग लगा दी। बताते हैं कि इस घटना में अजहरुद्दीन उर्फ राजू बुरी तरह झुलस गए हैं, जिनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। अजहरुद्दीन को बचाने के प्रयास में मोहम्मद सद्दाम, अनवर अली और अजहरुद्दीन का भाई अतीक अहमद भी झुलस गए। मोहम्मद सद्दाम के मुताबिक, जिस समय यह घटना हुई, बिजली बंद होने से अंधेरा था। आरोपी तुरंत वहां से भाग निकला। इस घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।







