शादी का झांसा देकर एक साल तक दुष्कृत्य, बड़वारा पुलिस ने बलात्कार के फरार आरोपी को किया गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। शादी का वादा करके एक साल तक नाबालिग से दुष्कर्म के फरार आरोपी को बड़वारा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बड़वारा थाना प्रभारी सुयश पाण्डेय ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपी मनीष गिरी गोस्वामी निवासी पौनिया को 24 अगस्त को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को नाबालिग पीडि़त ने महिला थाना कटनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसका अपहरण किया और करीब एक वर्ष तक उसका शारीरिक शोषण किया। शिकायत के आधार पर बड़वारा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 137(2), 64(2) 115(2), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5-6 के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था। लगातार तलाश के दौरान गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की सहायता से आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार जाटव, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र चढ़ार, प्रधान आरक्षक दीपक एक्का, आरक्षक दीपक सिंह एवं आरक्षक बृजलाल प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।







