
ग्वालियर, यशभारत। ग्वालियर की सड़कों पर इन दिनों एक अनोखी सफेद कार चर्चा का विषय बनी हुई है। कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से हजारों किस के निशान बनाए गए थे। सड़क पर दौड़ती इस ‘किसिंग कार’ को देखकर राहगीरों की नजरें ठहर गईं। कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो इसे लाखों लोगों ने देखा और जमकर शेयर किया। वहीं, पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले में कार का 5 हजार 500 रुपये का चालान भी काट दिया।
करीब 3,400 किस के निशानों से सजी कार
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो में सफेद कार की पूरी बॉडी पर लाल रंग की लिपस्टिक से बने किस के निशान दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि कार पर करीब 3,400 किस के निशान बनाए गए थे। कार को इस अनोखे अंदाज में सजाने का मकसद सोशल मीडिया पर अधिक से अधिक लोगों का ध्यान आकर्षित करना और वीडियो को वायरल करना था। इसकी कोशिश भी कामयाब रही और वीडियो ने देखते ही देखते करीब 55 लाख व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया।
पहले एक महिला दोस्त का था दावा
किसिंग कार वायरल होने के बाद चर्चा थी कि कार मालिक आदित्य सिकरवार की एक महिला दोस्त ने पूरी कार पर किस करके उसे सजाया था। सोशल मीडिया पर भी इसी बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि, अब खुद आदित्य सिकरवार ने मीडिया से बातचीत में इस कहानी का नया पक्ष सामने रखा है।
तीन दोस्तों ने मिलकर सजाई कार
आदित्य के मुताबिक, कार को सजाने में एक नहीं, बल्कि तीन फ्रेंड्स शामिल थीं। तीनों ने मिलकर कार की बॉडी पर लिपस्टिक से किस के निशान बनाए। इसके बाद कार को सड़कों पर उतारा गया, जहां लोगों ने इसे देखकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और ‘किसिंग कार’ चर्चा का विषय बन गई।
वायरल वीडियो के साथ पुलिस की कार्रवाई भी
कार की लोकप्रियता सोशल मीडिया तक ही सीमित नहीं रही। सड़क पर इस तरह की कार चलाने को लेकर पुलिस ने भी कार्रवाई की और 5,500 रुपये का चालान काटा। इस तरह सोशल मीडिया पर लाखों व्यूज बटोरने वाली ‘किसिंग कार’ अब अपने अनोखे अंदाज के साथ पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सुर्खियों में है।







