राजनीतिक हलचल के बीच CEC ज्ञानेश कुमार का बेबाक अंदाज: बोले— “हम ब्रज के रहने वाले हैं”

जबलपुर,यश भारत। इन दिनों देश में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम और चुनावी चर्चाओं के बीच भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार हर व्यक्ति के जेहन में हैं। देश के सबसे संवैधानिक और संवेदनशील पदों में से एक पर आसीन होने के बावजूद उनका व्यवहार कितना सहज और बेबाक है, इसकी एक बानगी राजधानी भोपाल में देखने को मिली। अवसर था 24 नवंबर को आयोजित एक विवाह समारोह का, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त की सादगी और स्पष्टवादिता ने सभी का ध्यान खींचा।
दरअसल, भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी उपेंद्र जैन के सुपुत्र देवांशू के विवाह समारोह में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार शामिल हुए थे। देवांशू उनके भांजे हैं, ऐसे में उनकी मौजूदगी समारोह में कौतूहल और आकर्षण का विषय बनी हुई थी। आम तौर पर बड़े पदों पर बैठे अधिकारियों के साथ सुरक्षा का घेरा और प्रोटोकॉल का तामझाम देखने को मिलता है, लेकिन वे अपने भाई के साथ बिना किसी सुरक्षा और तामझाम के मौजूद थे। वे इस बात को भुलाकर कि वे भारत के चुनाव आयुक्त हैं, विवाह समारोह में आए सभी लोगों से खुले मन से मिलजुल रहे थे।
समारोह के दौरान संयोगवश उनसे बामुश्किल पांच मिनट की मुलाकात का अवसर मिला। इस संक्षिप्त भेंट में ही उनका बेबाक व्यक्तित्व और खुली जीवनशैली साफ झलक रही थी। जब मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम और उससे जुड़े माहौल के विषय में उनसे बात हुई, तो उन्होंने सहजता से एक लाइन में कहा— “हम ब्रज के रहने वाले हैं।”
उनके इस एक वाक्य ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को मंत्रमुग्ध कर दिया। सियासी सरगर्मियों और तमाम चर्चाओं के बीच कही गई इस एक पंक्ति में छिपी बेबाकी, सहजता और अपनी जड़ों से जुड़ाव ने इस पांच मिनट की मुलाकात को बेहद खास और यादगार बना दिया, जिसने इसे एक खबर के रूप में दर्ज करने को प्रेरित किया।
अनुच्छेद 370 और राम मंदिर ट्रस्ट के गठन में रही है अहम भूमिका
मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के बाद से ज्ञानेश कुमार लगातार चर्चाओं में रहे हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि 1988 बैच के केरल कैडर के इस पूर्व आईएएस अधिकारी का देश के दो सबसे ऐतिहासिक घटनाक्रमों में महत्वपूर्ण प्रशासनिक योगदान रहा है। वे न केवल इन बड़े फैसलों के साक्षी रहे, बल्कि इन्हें जमीन पर उतारने वाली कोर टीम का भी हिस्सा थे।
अगस्त 2019 में जब केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35A को निष्प्रभावी करने का फैसला लिया, तब ज्ञानेश कुमार केंद्रीय गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव (कश्मीर संभाग) के पद पर तैनात थे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन विधेयक, 2019 का मसौदा तैयार करने और इस पूरे निर्णय को गोपनीय व सुचारु रूप से लागू करने में प्रमुख भूमिका निभाई थी।
इसके बाद, नवंबर 2019 में अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने पर वर्ष 2020 में उन्हें गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव बनाया गया। उन्हें अयोध्या मामले से जुड़े कार्यों की विशेष डेस्क की जिम्मेदारी सौंपी गई, जहां उनकी देखरेख में ही ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट’ के गठन और उसका प्रशासनिक खाका तैयार करने की प्रक्रिया पूरी हुई।

इसके बाद, नवंबर 2019 में अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने पर वर्ष 2020 में उन्हें गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव बनाया गया। उन्हें अयोध्या मामले से जुड़े कार्यों की विशेष डेस्क की जिम्मेदारी सौंपी गई, जहां उनकी देखरेख में ही ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट’ के गठन और उसका प्रशासनिक खाका तैयार करने की प्रक्रिया पूरी हुई।
राजनीतिक हलचल के बीच CEC ज्ञानेश कुमार का बेबाक अंदाज: बोले— “हम ब्रज के रहने वाले हैं”






