भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

भोपाल में ठंड का ‘लेह’ जैसा अहसास, 8.2 डिग्री पर लुढ़का पारा , सीजन की सबसे सर्द रात ने बढ़ाई ठिठुरन, अगले दो दिन शीतलहर का अलर्ट , सुबह-शाम सताएगी सर्दी

भोपाल में ठंड का ‘लेह’ जैसा अहसास, 8.2 डिग्री पर लुढ़का पारा

सीजन की सबसे सर्द रात ने बढ़ाई ठिठुरन, अगले दो दिन शीतलहर का अलर्ट; सुबह-शाम सताएगी सर्दी

भोपाल , यश भारत। राजधानी में सर्दी ने अब अपना तीखा तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को चली सर्द हवाओं ने शहरवासियों को कंपकंपा दिया। शीतलहर के असर से भोपाल में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 8.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तापमान में आई इस गिरावट के चलते राजधानी में हरियाणा के करनाल-हिसार और लेह जैसी ठंड का अहसास हुआ। मौसम के बदले मिजाज का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दमोह प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं  प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

समय से पहले सक्रिय हुईं सर्द हवाएं

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक  इस बार विंड पैटर्न सामान्य समय से पहले सक्रिय हो गया है। इसके चलते सर्द हवाओं का दौर भी जल्दी शुरू हो गया। हवा में नमी कम होने से बादलों का निर्माण नहीं हुआ और आसमान साफ बना रहा। बादल नहीं होने के कारण दिन में धरती पर जमा हुई गर्मी रात के समय तेजी से बाहर निकल गई। इसी वजह से रात के तापमान में अचानक गिरावट आई और ठंड का असर बढ़ गया।

दो दिन और बढ़ेगी ठिठुरन, शीतलहर की चेतावनी

मौसम केंद्र ने भोपाल सहित राजगढ़ और शाजापुर जिले में अगले दो दिनों तक शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद रात और सुबह के समय ठंड का असर और तेज होने की संभावना है। सर्द हवाओं के चलते लोगों को फिलहाल ठिठुरन से राहत मिलने के आसार कम हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button