Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

यशभारत ब्रेकिंग : व्हीकल फैक्ट्री के टेस्टिंग ट्रैक पर सुअरमार बम का धमाका, आउटसोर्स कर्मचारी घायल

जबलपुर,यशभारत। व्हीकल फैक्ट्री में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब फैक्ट्री के टेस्टिंग ट्रैक पर अचानक तेज धमाके की आवाज गूंज उठी। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कचरे के ढेर में पड़ा सुअरमार बम अचानक फट गया। इसकी चपेट में आकर सफाई कार्य कर रहा एक आउटसोर्स कर्मचारी प्रहलाद चौधरी उम्र 40 वर्ष घायल हो गया। घायल कर्मचारी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह व्हीकल फैक्ट्री के टेस्टिंग ट्रैक पर एक वाहन की टेस्टिंग की जा रही थी। इसी दौरान ट्रैक के समीप पड़े कचरे के ढेर में अचानक जोरदार धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि कचरे के बीच सुअरमार बम पड़ा हुआ था, जो अचानक विस्फोट के साथ फट गया। धमाके की चपेट में वहां सफाई कर रहा आउटसोर्स कर्मचारी आ गया और घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, बम स्क्वॉड बुलाया

घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सुरक्षा की दृष्टि से बम स्क्वॉड को भी बुलाया गया, ताकि मौके पर किसी अन्य विस्फोटक सामग्री की मौजूदगी की जांच की जा सके। फैक्ट्री प्रबंधन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

कचरे में कहां से पहुंचा विस्फोटक, जांच का विषय

फैक्ट्री जैसे संवेदनशील और सुरक्षित परिसर के टेस्टिंग ट्रैक के समीप कचरे के ढेर में सुअरमार बम का मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। आखिर विस्फोटक सामग्री वहां कैसे पहुंची और इसे किसने फेंका था, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि परिसर में कचरे के निस्तारण और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई। फिलहाल फैक्ट्री प्रबंधन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button