तेज रफ्तार का कहर : अज्ञात वाहन की टक्कर से 18 वर्षीय बाइक सवार की मौत…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के धनोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरिया रोड पर गुरुवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक कीगंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रोहित झारिया, पिता सुनील झारिया, उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है। गुरुवार रात पिपरिया रोड पर अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि रोहित घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद धनोरा थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे दिया जाएगा। युवक की मौत की खबर से परिवार में शोक का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
तेज रफ्तार और लापरवाही बन रही हादसों की वजह
सड़क दुर्घटनाओं में युवाओं की जान जाना चिंता का विषय है। तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर सहायता नहीं मिलना कई बार गंभीर परिणामों का कारण बनता है। वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की जरूरत है। वहीं, दुर्घटना के बाद मौके से भागने के बजाय घायल को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।







