मुख्य ख़बरें

पिकअप का टायर बदल रहे व्यक्ति को बाइक सवार ने मारी टक्कर, मौत…एनएच-34 पर हुआ हादसा, बाइक सवार भी घायल… देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारतlसिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर सोमवार रात पिकअप वाहन का टायर बदल रहे 51 वर्षीय व्यक्ति की  एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक भी घायल हुआ है। दुर्घटना लखनादौन से आगे चौथा मील के पास हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात एक पिकअप वाहन का टायर पंचर हो गया था। चालक ने पिकअप को सड़क किनारे खड़ा किया और टायर बदलने लगा। इसी दौरान लखनादौन की ओर से आ रहे बाइक सवार नीलेश बर्मन (36) ने सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन और टायर बदल रहे महेंद्र पटेल (51) को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महेंद्र पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार नीलेश बर्मन को भी चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लखनादौन पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने महेंद्र पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल बाइक सवार नीलेश बर्मन का उपचार किया जा रहा है।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों, वाहनों की स्थिति और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। मृतक के शव का आवश्यक प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

प्रारंभिक तौर पर हादसा सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन का टायर बदलने के दौरान बाइक की टक्कर से होना बताया जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने घटना से संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने के साथ दुर्घटना स्थल का निरीक्षण भी किया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात के समय सड़क किनारे खराब वाहनों को खड़ा करने के दौरान विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। ऐसे स्थानों पर वाहन चालकों को पर्याप्त दूरी से संकेत देने और टॉर्च अथवा रिफ्लेक्टर का उपयोग करने की सलाह दी जाती है, ताकि पीछे से आने वाले वाहन समय रहते सतर्क हो सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button