जबलपुरभोपालमध्यप्रदेश

गौरीघाट में नावों के बेतरतीब जमावड़े और गंदगी से श्रद्धालु परेशान, नगर निगम को करनी चाहिए व्यवस्थित पार्किंग और सफाई

जबलपुर, यश भारत । मां नर्मदा के प्रमुख तटों में शामिल गौरीघाट पर अव्यवस्था और गंदगी के बीच स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौके की तस्वीरें इस स्थिति को स्पष्ट रूप से बयां कर रही हैं, जहां घाट के प्रमुख और मुख्य हिस्सों पर बड़ी संख्या में नावें खड़ी हैं। प्रमुख स्थानों पर नावों के इस जमावड़े के कारण आस्था की डुबकी लगाने आने वाले श्रद्धालुओं को स्नान के लिए पर्याप्त और सुरक्षित जगह नहीं मिल पा रही है।
वर्तमान में पवित्र कार्तिक मास चल रहा है, जिसके चलते प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा स्नान करने गौरीघाट पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों के किनारे जमा कचरे, पूजन सामग्री के अवशेष और गंदगी के अंबार के बीच स्नान करना श्रद्धालुओं के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गया है। घाट की यह अव्यवस्था किसी एक दिन या एक महीने की नहीं है, बल्कि यह एक निरंतर बनी रहने वाली समस्या है। समय के साथ घाट पर नावों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि तट पर उपलब्ध स्थान सीमित है। व्यवस्थित पार्किंग और स्पष्ट सीमांकन के अभाव में नाविक अपनी नावें कहीं भी खड़ी कर देते हैं, जिससे पूरे घाट पर अव्यवस्था की स्थिति निर्मित होती है।
स्थिति को देखते हुए इस दिशा में नगर निगम को ठोस व्यवस्था करनी चाहिए। यदि प्रशासन और नगर निगम द्वारा प्रत्येक घाट पर स्नान करने के लिए अलग क्षेत्र तथा नावों की पार्किंग के लिए अलग स्थान आरक्षित कर दिया जाए, तो इस समस्या का स्थायी समाधान निकल सकता है। निर्धारित सीमांकन और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित होने से श्रद्धालुओं को स्वच्छ व व्यवस्थित वातावरण में स्नान करने की सुविधा मिल सकेगी।

घाटों पर नाविकों की सतर्कता से टलती हैं कई दुर्घटनाएं

एक ओर जहां नावों के अव्यवस्थित खड़े रहने से स्नान करने वालों को असुविधा होती है, वहीं दूसरी ओर घाट पर नाविकों की मौजूदगी सुरक्षा के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होती है। गौरीघाट में नाविकों की तत्परता के चलते कई बार संभावित दुर्घटनाएं टल जाती हैं और उनके द्वारा अनेक लोगों की जान भी बचाई जा चुकी है। ऐसे में नाविकों के इस सराहनीय योगदान को देखते हुए नगर निगम को उनके लिए सुरक्षित और व्यवस्थित पार्किंग स्थल उपलब्ध कराना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button