मंडी में सस्ती धान का खेल, समर्थन मूल्य पर मुनाफे की तैयारी: उपार्जन से पहले प्रशासन की ढील पर सवाल

जबलपुर। सरकारी कस्टम मिलिंग से जुड़े अनुबंधित राइस मिलर इस समय मंडी में नई धान की जोरदार खरीद में जुटे हैं। बाजार में नई धान 1900 से 1950 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर मिल रही है, जबकि समर्थन मूल्य पर करीब 15 दिन बाद यही धान लगभग 2450 रुपए के आसपास बिकने की उम्मीद है। कीमतों के इस बड़े अंतर के चलते सस्ती धान खरीदकर स्टॉक खपाने का खेल तेज होता दिख रहा है, लेकिन उपार्जन से पहले प्रशासन की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हर साल धान उपार्जन शुरू होने से पहले पुराने या निजी धान के स्टॉक को सील करने की परंपरा रही है, ताकि कम कीमत और निम्न गुणवत्ता की धान बाद में समितियों के जरिए खपाई न जा सके। इस बार अब तक ऐसी ठोस कार्रवाई न दिखने से व्यवस्था पर निगाहें टिकी हैं। साथ ही बासमती रकबे के पंजीयन और ओपन मार्केट में बिक्री को लेकर पूर्व में अपनाई गई सख्ती की कमी भी चर्चा में है।
प्रशासन को इन बिंदुओं पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत:
खरीददार और स्टॉक की जांच: मंडी नीलामी में धान कौन खरीद रहा है और कहां भंडारण हो रहा है, इसकी पड़ताल की जाए। खासकर राइस मिलरों के परिजनों या उनसे जुड़े लोगों के लाइसेंस से हुई खरीद की जांच जरूरी है।
आवक और कागजी खेल की निगरानी: नीलामी में खरीदी गई धान कहां जा रही है, वास्तव में बाहर भेजी जा रही है या केवल दूसरे राज्यों के कागज तैयार हो रहे हैं, इसकी सघन जांच हो।
उपार्जन पूर्व स्टॉक सीलिंग: पिछली व्यवस्थाओं के अनुरूप उपार्जन से पहले धान के स्टॉक सील करने तथा बाहर से आने वाली सस्ती व निम्न गुणवत्ता की धान को समितियों में खपाने से रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
बासमती रकबा और पंजीयन सत्यापन: जिन क्षेत्रों में बासमती धान बोई गई है, वहां पंजीयन की स्थिति और ओपन मार्केट में बिक्री पर नजर रखते हुए पूर्व की तरह आवश्यक सत्यापन व होल्ड जैसी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।







