गैस त्रासदी अपीलों पर 30 दिन में सुनवाई के निर्देश

गैस त्रासदी अपीलों पर 30 दिन में सुनवाई के निर्देश
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश हाई कोर्ट की जबलपुर पीठ ने भोपाल गैस त्रासदी मामले में दोषियों की लंबित अपीलों पर यथासंभव 30 दिनों के भीतर सुनवाई पूरी करने के निर्देश भोपाल जिला न्यायालय को दिए हैं। न्यायमूर्ति हिमांशु जोशी की एकलपीठ ने आरोपों में त्रुटियों का हवाला देते हुए अलग से सुनवाई की मांग करने वाली तीन याचिकाओं को खारिज कर दिया।
भोपाल निवासी एसपी चौधरी समेत अन्य याचिकाकर्ताओं ने आरोपों में खामियों को लेकर अलग से सुनवाई का आग्रह किया था। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल आरोपों में त्रुटि होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह साबित करना भी जरूरी है कि उससे न्याय प्रभावित हुआ है। उल्लेखनीय है कि अपील की सुनवाई के दौरान 25 अप्रैल 2022 को धारा 464 के तहत आवेदन देकर आरोपों की कथित त्रुटियों का मुद्दा उठाया गया था। हाई कोर्ट ने कहा कि इन आपत्तियों का परीक्षण अपील की अंतिम सुनवाई के दौरान ही किया जाएगा।
दिसंबर 1984 में भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से जहरीली गैस का रिसाव हुआ था। इस मामले में भोपाल की अदालत ने 7 जून 2010 को दोषियों को सजा सुनाई थी, जिसके विरुद्ध दायर अपीलें अभी भी लंबित हैं। हाई कोर्ट के इस निर्देश से लंबे समय से अटकी अपीलों के निराकरण की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।







