एक शाम खाटूवाले के नाम, भक्ति के रंग में रंगी शाम, दुर्गा माता मंदिर सनातनी पंजाबी धर्मशाला में भजन संध्या

कटनी, यशभारत। बाबा श्री खाटू श्याम के जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार को माधवनगर स्थित दुर्गा माता मंदिर, सनातनी पंजाबी धर्मशाला में एक शाम खाटूवाले के नाम भव्य धार्मिक एवं भजन संध्या का आयोजन हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विशेष रूप से मां शारदा शक्तिपीठ, मैहर के नितिन बमबम महाराज, खाटू श्याम के निज मंदिर के पुजारी इंद्र सिंह चौहान एवं मां विंध्यवासिनी धाम विंध्याचल के प्रधान पुजारी पंडित शिवा गोस्वामी का सानिध्य एवं आगमन रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सायं 7 बजे मां आदिशक्ति मंदिर, समदडिय़ा सिटी से निकाली गई भव्य निशान यात्रा के साथ हुआ। निशान यात्रा विभिन्न श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ दुर्गा माता मंदिरए सनातनी पंजाबी धर्मशाला तक पहुंची। इस दौरान बाबा श्याम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके पश्चात रात्रि 8 बजे से दिव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। धनबाद से आए प्रसिद्ध भजन प्रवाहक कृष्णा अग्रवाल झारिया ने अपनी सुमधुर भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं राजेश ग्रोवर एवं संजय नाकरा की भजन प्रस्तुतियों ने भी समां बांध दिया। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और पूरा परिसर बाबा श्याम की भक्ति एवं जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं श्याम रसोई की व्यवस्था भी की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता कर बाबा श्री खाटू श्याम जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।








