Top-5जबलपुरदेशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

रक्षा मंत्रालय का बड़ा फैसला: पुरानी पेंशन योजना के दायरे में आएंगे पूर्व आयुध निर्माणी के कर्मचारी न्यायालय के आदेशों के बाद नीति स्पष्ट

जबलपुर, यशभारत। रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग के अंतर्गत आयुध निदेशालय (समन्वय एवं सेवाएं) ने पूर्व आयुध निर्माणी के कर्मचारियों के लिए राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली से पुरानी पेंशन योजना में जाने के विकल्प को लेकर एक महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिया है। इस फैसले से देश भर की विभिन्न फैक्ट्रियों के उन भूतपूर्व ट्रेड अप्रेंटिस कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से अदालतों में कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे।
 

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के 3 मार्च 2023 के कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, 1 जनवरी 2004 या उसके बाद ऐसे पदों पर नियुक्त कर्मचारी, जिनका विज्ञापन या भर्ती अधिसूचना एनपीएस लागू होने की तिथि (22 दिसंबर 2003) से पहले जारी हुई थी, वे CCS (पेंशन) नियम, 1972 के तहत पुरानी पेंशन योजना में शामिल होने के लिए पात्र थे। हालांकि, पूर्व आयुध निर्माणी (OFB) के अंतर्गत पूर्व-ट्रेड अप्रेंटिस की भर्ती की प्रक्रिया अन्य विभागों से अलग और आंतरिक होती है, जिसमें किसी बाहरी भर्ती एजेंसी या विज्ञापन की सीधी भूमिका नहीं होती। इस तकनीकी उलझन के कारण फील्ड यूनिट्स इन कर्मचारियों को एनपीएस से ओपीएस में स्विच करने का विकल्प देने में असमर्थ थीं, जिससे केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (CAT) में कई मामले दर्ज हो गए थे।
 

अदालतों के फैसलों और समीक्षा के बाद निर्देश
 

विभिन्न ट्रिब्यूनलों ने कर्मचारियों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए माना था कि OFB द्वारा पदों की आंतरिक स्वीकृति ही एक प्रकार की अधिसूचना है। मुकदमों की संख्या को कम करने और अनावश्यक अपीलों से बचने के लिए कानून मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत इस मामले की व्यापक समीक्षा की गई।
 

मंत्रालय का नया आदेश और निर्देश
 

अब पूर्व-ट्रेड अप्रेंटिस (ex-TAs) की भर्ती के मामलों में, पूर्व OFB द्वारा जारी किया गया ‘स्वीकृति पत्र’ जिसमें ट्रेड-वार पदों का वितरण होता है, उसे ही DoP&PW के नियमों के तहत ‘रिक्ति की अधिसूचना’ माना जाएगा। साथ ही सभी फील्ड यूनिट्स को सलाह दी गई है कि वे इस नए नीतिगत निर्णय के आलोक में आवश्यक कार्रवाई करें और CAT के आदेशों के खिलाफ दायर की गई रिट याचिकाओं को वापस लें। इस निर्णय से देश भर के लगभग 28 आयुध कारखानों के 200 से अधिक कर्मचारियों से जुड़े 86 अदालती मामलों के समाधान का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
 

यशभारत की खबर, खरी निकली
 

यशभारत ने 2 नवंबर को बीपीएमएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मारुति हनुमंत पवार के हवाले से खबर छापी थी कि एनपीएस से ओपीएस के लिए दीपावली से पहले रास्ता खुलेगा। जिस पर बड़ा फैसला लिया गया। आज के आदेश से वे 7,354 कर्मचारी/अधिकारी जो परेशान थे, उनके लिए राह आसान हो गई है। इस निर्णय के बाद बीपीएमएस के वर्किंग प्रेसीडेंट मुकेश सिंह, नेशनल प्रेसिडेंट मारुति हनुमंत पवार एवं जनरल सेक्रेटरी रबीन्द्र कुमार मिश्रा ने आभार व्यक्त किया है। उन्होंने यशभारत को भी यह खबर प्रमुखता से छापने पर साधुवाद दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button