काबुल पर मौत की बरसात: एयरस्ट्राइक में अस्पताल मलबे में तब्दील, 400 की दर्दनाक मौत से अफगानिस्तान दहला
पाकिस्तान ने आरोपों से किया इनकार

काबुल | अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार देर रात हुए एक भीषण एयरस्ट्राइक ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। सरकारी प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत के अनुसार, इस हमले में नशा मुक्ति केंद्र के रूप में चल रहे एक अस्पताल को निशाना बनाया गया। इस त्रासदी में अब तक करीब 400 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 250 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हमले के बाद अस्पताल का बड़ा हिस्सा पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया। मृतकों में अधिकतर वे मरीज शामिल हैं, जो वहां इलाज के लिए भर्ती थे। राहत और बचाव दल लगातार मलबे में दबे लोगों को निकालने और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।
पाकिस्तान ने आरोपों से किया इनकार
इस घटना पर पाकिस्तान ने खुद को निर्दोष बताते हुए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। पाकिस्तानी सरकार के प्रवक्ताओं का कहना है कि उनकी कार्रवाई केवल आतंकी ठिकानों और हथियारों के भंडार को निशाना बनाकर की गई थी। उन्होंने दावा किया कि ऑपरेशन बेहद सावधानी से अंजाम दिया गया ताकि किसी भी आम नागरिक को नुकसान न पहुंचे। साथ ही, अफगानिस्तान के आरोपों को भ्रामक और गलत बताया गया है।
सीमा पर बढ़ता टकराव
इस एयरस्ट्राइक से कुछ घंटे पहले ही दोनों देशों के बीच सीमा पर भारी गोलीबारी हुई थी। अफगान अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से दागे गए मोर्टार गोले खोस्त प्रांत के गांवों में गिरे, जिसमें दो बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई।वहीं पाकिस्तान का दावा है कि अफगानिस्तान की तरफ से दागे गए गोले ने बाजौर जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान ले ली।दोनों देशों के बीच यह बढ़ता संघर्ष अब गंभीर और खतरनाक मोड़ पर पहुंच चुका है। अफगानिस्तान इसे अपनी संप्रभुता का उल्लंघन मान रहा है, जबकि पाकिस्तान इसे अपनी सुरक्षा के लिए उठाया गया जरूरी कदम बता रहा है।







