जबलपुरमध्य प्रदेश

यशभारत ब्रेकिंग : किराना दुकान संचालक पर चाकू से हमला, तीन बदमाशों ने मचाया आतंक, देखे वीडियो…..

रांझी के गांधी चौक की घटना

जबलपुर,यशभारत। रांझी थाना क्षेत्र के गांधी चौक में शनिवार रात किराना दुकान पर सिगरेट के पैसे मांगना दुकानदार को भारी पड़ गया। तीन बदमाशों ने रंगदारी दिखाते हुए दुकानदार से विवाद किया और देखते ही देखते चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले में किराना दुकान संचालक अभिषेक श्रीपाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी भी मामूली रूप से घायल हो गया।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के मुताबिक गांधी चौक में अभिषेक श्रीपाल किराना दुकान संचालित करता है। शनिवार रात नितिन साहू, शिवा समुद्रे और राज चौधरी दुकान पर पहुंचे और सिगरेट खरीदी। अभिषेक ने जब सिगरेट के पैसे मांगे तो तीनों ने कथित तौर पर पैसे देने से इनकार करते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों ने दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में अभिषेक को गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद शिवा समुद्रे और राज चौधरी मौके से भाग निकले। वहीं नितिन साहू भी घटना के दौरान घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार आरोपी नितिन साहू के खिलाफ पूर्व में करीब पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना को लेकर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और फरार दोनों आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस विवाद के वास्तविक कारणों और घटना में इस्तेमाल चाकू के संबंध में भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button