
भोपाल में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के उपलक्ष्य में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, पूर्व सैनिकों और शहर के आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। रोशनपुरा चौराहे से शास्त्री प्रतिमा चौराहे तक निकाली गई इस यात्रा में मुख्यमंत्री पैदल चले।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस अवसर पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना करते हुए कहा कि यह नया भारत है, जो चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने भारतीय सेना के पराक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि सेना ने पाकिस्तान की मिसाइलों को ‘दीवाली के पटाखों’ की तरह वापस फेंक दिया। उन्होंने इसे सेना का अद्भुत रणनीतिक कौशल बताया, जिसने देश की बेटियों के सिंदूर का बदला लिया। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के कारण पूरा देश उत्सव मना रहा है और मध्य प्रदेश सरकार केंद्र सरकार के साथ खड़ी है।
मंत्री शाह के इस्तीफे से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार न्यायपालिका के आदेशों का पालन कर रही है और आगे भी करेगी। उन्होंने कांग्रेस की इस्तीफे की मांग को खारिज करते हुए कांग्रेस पर ही निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस को बोलने का कोई हक नहीं है, क्योंकि उनके मुख्यमंत्रियों पर भी मुकदमे चल रहे हैं।
तिरंगा यात्रा में शहर के सभी वर्गों के लोग शामिल हुए। इस दौरान थोड़ी धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। यात्रा अपने निर्धारित समय से थोड़ी देरी से शुरू हुई और देर शाम तक चली।