कलेक्टर ने युवाओं को दिया नेतृत्व का संदेश – एलएनसीटी कॉलेज में हुआ टेडएक्स कार्यक्रम

कलेक्टर ने युवाओं को दिया नेतृत्व का संदेश
– एलएनसीटी कॉलेज में हुआ टेडएक्स कार्यक्रम
भोपाल, यश भारत। लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी में टेडएक्स एलएनसीटी भोपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, उद्योग, खेल, स्वास्थ्य, उद्यमिता और तकनीक से जुड़े वक्ताओं ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि भोपाल कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी प्रियंक मिश्रा आईएएस ने विद्यार्थियों को आत्म-जागरूकता, अनुशासन और नेतृत्व के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने लक्ष्य स्पष्ट रखने चाहिए तथा निरंतर आत्ममूल्यांकन के माध्यम से स्वयं को बेहतर बनाते रहना चाहिए। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी एवं यूनिसेफ इंडिया यूथ एडवोकेट गौरांशी शर्मा रहीं। उन्होंने सुनने और बोलने में कठिनाई जैसी चुनौतियों के बावजूद वर्ष 2022 में ब्राज़ील में आयोजित डेफ्लंपिक्स में स्वर्ण पदक जीतने की अपनी प्रेरणादायक यात्रा साझा की, जिसने विद्यार्थियों को काफी प्रेरित किया।
सीमेंस इंडिया में कैंपस भर्ती एवं नियोक्ता ब्रांडिंग प्रमुख अजय वीरेंद्र ब्रह्मभट्ट ने बदलती कार्य संस्कृति और कौशल आधारित करियर पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए केवल डिग्री ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास, निरंतर सीखने की क्षमता और सही दृष्टिकोण भी आवश्यक है। कायक्रम में अविनाश तलरेजा श्नाइडर इलेक्ट्रिक, डॉ. साहिबा बावा, जैनुल आबेदीन एब्योम स्पेसटेक एंड डिफेंस, प्रथमेश भोसले और वेंकटेश्वरन रामासेशन ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को करियर, स्वास्थ्य, अंतरिक्ष तकनीक, नेतृत्व और उद्यमिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस अवसर पर एलएनसीटी समूह के सचिव डॉ. अनुपम चौकसे ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा से आगे बढक़र नवाचार, रचनात्मक सोच और व्यावहारिक ज्ञान की ओर प्रेरित करते हैं। वहीं प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट निदेशक डॉ. अनुज गर्ग ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और अनुकूलन क्षमता भी अत्यंत आवश्यक है।







