देशमध्य प्रदेश

धार में चलती यात्री बस में लगी भीषण आग, यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बचाई जान

सूरत से कानपुर जा रही यात्री बस

धार। सूरत से कानपुर जा रही यात्री बस में मंगलवार देर रात करीब 1.10 बजे धार जिले के सरदारपुर नगर स्थित भोपावर चौकी के पास अचानक आग लग गई। बस में धुआं भरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने मुख्य दरवाजे से बाहर निकलकर जान बचाई, जबकि कुछ ने खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर छलांग लगाई। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि यात्रियों का सामान, नकदी और कपड़े जलकर खाक हो गए।

बताया गया कि बस में धुआं उठते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और थाना प्रभारी अनिल जाधव पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के लिए मार्ग पर यातायात डायवर्ट कराया। दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस क्रमांक UP 83 BT 3947 पूरी तरह जल चुकी थी।

चार घंटे दाहोद में खड़ी रही थी बस

यात्रियों के अनुसार बस को दाहोद के पास एक होटल पर करीब चार घंटे रोककर तकनीकी मरम्मत की गई थी। इसके बाद बस को आगे रवाना किया गया था। कानपुर निवासी यात्री नीलम पाल ने बताया कि धुआं भरने पर उन्होंने पहले अपने आठ वर्षीय बेटे को खिड़की से बाहर निकाला और फिर खुद कूदकर जान बचाई। हालांकि उनके बैग में रखे रुपये, चांदी की पायजेब और कपड़े आग में जल गए। हादसे के बाद पुलिस ने अन्य यात्री बसों को रुकवाकर प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य के अनुसार दूसरी बसों से रवाना कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button