बड़वई कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 4 दमकलों ने ग्रामीणों की मदद से पाया काबू, 5 किमी तक धुआं

बड़वई कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 4 दमकलों ने ग्रामीणों की मदद से पाया काबू, 5 किमी तक धुआं
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बड़वई क्षेत्र स्थित कबाड़ के एक गोदाम में रविवार सुबह करीब 9 बजे भीषण आग भड़क उठी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गोदाम में कई टन प्लास्टिक और पुट्ठा भरा होने के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में उठता घना धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर से भी साफ नजर आने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर और कबाड़खाना समेत अन्य केंद्रों से दमकल वाहन मौके पर रवाना किए गए। मौके पर पहुंची 3 दमकलों की मदद से फायर फाइटर पंकज यादव व अन्य दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाला। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और पुट्ठे का भंडार होने के कारण लपटें तेजी से फैल रही थीं और केवल पानी से आग पर नियंत्रण पाना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा था। हालात को देखते हुए आग पर जल्द काबू पाने के लिए पानी के साथ फोम का इस्तेमाल किया गया।
राहत अभियान के दौरान स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में दमकलकर्मियों का हाथ बंटाया। गनीमत रही कि गोदाम गांव की आबादी से दूर स्थित है, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि गोदाम में रखा प्लास्टिक, पुट्ठा और अन्य कबाड़ जलकर खाक होने से बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। घने धुएं के गुबार के कारण आसपास के इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दमकलकर्मियों के अनुसार आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।







