मध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

खून टपकती बोरी ने खोला राज: 5 लाख के जेवरों के लालच में 84 साल की वृद्धा की हत्या….हड़कंप

दो दिन से लापता थीं पार्वती मोहारे, चिखला मोक्षधाम के पास खून टपकती बोरी में मिला शव; परिजनों ने पड़ोसी पर जताया संदेह, पुलिस जांच में जुटी

बालाघाट। जिले के ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत परसाड़ी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। चिखला मोक्षधाम के पास प्लास्टिक की बोरी में बंद एक 84 वर्षीय वृद्ध महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान हट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम सिहोरा निवासी पार्वती मोहारे के रूप में हुई है। वह 26 नवंबर से लापता थीं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषणों की लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

खून टपकती बोरी से हुआ शव का खुलासा

जानकारी के अनुसार, पार्वती मोहारे के लापता होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच शनिवार को परसाड़ी में चिखला मोक्षधाम के पास एक प्लास्टिक की बोरी से खून टपकता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों को संदेह होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची ग्रामीण थाना पुलिस ने बोरी खुलवाकर जांच की तो उसके अंदर वृद्धा का शव मिला। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मोबाइल लौटाने पड़ोसी के घर गई थीं पार्वती

मृतका के बेटे फागुलाल मोहारे ने पड़ोसी सुरेश पर संदेह जताते हुए बताया कि 26 नवंबर की दोपहर उनकी मां के लिए पड़ोसी सुरेश के मोबाइल पर फोन आया था। इसके बाद सुरेश मोबाइल लेकर उनके घर पहुंचा था। फोन पर बातचीत करने के बाद पार्वती मोबाइल लौटाने के लिए सुरेश के घर गई थीं। इसके बाद से वह लापता हो गईं।

परिजनों के मुताबिक, घटना के समय पार्वती मोहारे ने सोने-चांदी के आभूषण पहने हुए थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। इसी आधार पर परिजनों ने आभूषणों के लालच में हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

ग्रामीण थाना के एसआई धुर्वे के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। वृद्धा के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों तथा घटना में शामिल व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल 84 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस जांच के बाद ही इस सनसनीखेज मामले की पूरी तस्वीर सामने आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button