Top-5देशमुख्य ख़बरें

पांच राज्यों में भीषण सड़क हादसे, 32 लोगों की मौत; कई घायल, स्कॉर्पियो, ऑटो, रोडवेज बस और कार समेत कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त

रामगढ़/मिर्जापुर/मुरादाबाद/एजेंसी। देश के अलग-अलग राज्यों में शनिवार और रविवार को हुए पांच भीषण सड़क हादसों में 3२ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। झारखंड के रामगढ़ में रांची-पटना नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में चार बच्चों और चार महिलाओं समेत 13 लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में राखड़ से लदा हाईवा सवारियों से भरे ऑटो पर पलट गया, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई। मुरादाबाद में रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में चार यात्रियों की मौत हो गई। आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में कंटेनर लॉरी और बस के बीच कार फंसने से चार लोगों की मौत हो गई। वहीं उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में एक ईको कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे सात महिलाओं समेत आठ लोगों की जान चली गई। लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रामगढ़ में स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे, एक परिवार के 13 लोगों की मौत

झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात करीब दो बजे कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी में भाजपा कार्यालय के पास भीषण हादसा हुआ। नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र अंतर्गत जांघारों गांव के 14 लोग एक ही स्कॉर्पियो में सवार होकर झारखंड के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी दौरान पैंकी इलाके के समीप उनकी स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह अंदर धंस गया और उसके परखच्चे उड़ गए।

हादसे में विवेकानंद कुमार (40), उनकी पत्नी अमृता देवी (35), बेटी सोनाली कुमारी (16), बेटे शुभम कुमार (12) और अमन कुमार (9) तथा मां प्रविला देवी (65) की मौत हो गई। इनके अलावा विवेकानंद के ममेरे भाई चंदन (22) और राजेश (23), मौसेरे भाई सिंटू कुमार (25), मौसेरी बहन किरण कुमारी समेत परिवार के अन्य सदस्य भी हादसे का शिकार हुए। सिंटू तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के दनियावां गांव और किरण सिलाव थाना क्षेत्र के कड़ाह गांव की रहने वाली थीं।

ड्राइवर ही बचा जिंदा, गांव में पसरा मातम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। वाहन में सवार लोगों में नालंदा के अकौना गांव निवासी चालक नंदन कुमार के अलावा कोई जीवित नहीं बचा। हादसे की खबर जांघारों गांव पहुंचते ही मातम छा गया। एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। परिजन और रिश्तेदार शवों को लेने के लिए झारखंड पहुंच गए।

मिर्जापुर में ऑटो पर पलटा राखड़ से भरा हाईवा, तीन की मौत

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर अदलहाट थाना क्षेत्र के नारायणपुर बाजार में दूसरा हादसा हुआ। ऑटो चालक अहरौरा से सवारियां लेकर नारायणपुर की ओर जा रहा था। बाजार के पास वह यात्रियों को उतार रहा था, तभी पीछे से आ रहा राखड़ से लदा तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर ऑटो के ऊपर पलट गया। भारी वाहन के नीचे ऑटो दबते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में ऑटो सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। मृतकों में 52 वर्षीय मोहन राजभर, 33 वर्षीय अंजना और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुरादाबाद में रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भिड़ंत

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर छजलैट थाना क्षेत्र के लदावली गांव के पास रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस में सवार चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

आंध्र प्रदेश में लॉरी और बस के बीच फंसी कार, चार की मौत

आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में रविवार सुबह टंगुटूरु टोल प्लाजा पर भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कंटेनर लॉरी ने सड़क किनारे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार लॉरी और बस के बीच बुरी तरह फंस गई। हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, सभी लोग बेंगलुरु से अपने पैतृक गांव जा रहे थे। उन्हें ग्राम पंचायत चुनाव में मतदान करना था और वे अडांकी मंडल स्थित अपने गांव पहुंच रहे थे। हादसे के बाद कंटेनर लॉरी का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

उत्तराखंड में 300 मीटर गहरी खाई में गिरी ईको कार, सात महिलाओं समेत आठ की मौत

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक और दर्दनाक हादसा हुआ। रिखणीखाल ब्लॉक के सिद्धखाल-कलवाड़ी-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी बैंड के पास एक ईको कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार सभी लोग एक ही गांव के रहने वाले थे। हादसे में सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। सभी लोग बैंणी-भुली योजना के फॉर्म भरवाकर सिद्धखाल से अपने गांव भगलवाण लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई से शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को उपचार के लिए एम्स रेफर किया गया है।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने घोषित की आर्थिक सहायता

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने का ऐलान किया है। इस तरह मृतकों के परिजनों को कुल छह-छह लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये की सहायता मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button