बड़ी खबर : दर्दनाक हादसा : नदी पुल के पास ट्रक-बोलेरो की भीषण भिड़ंत: बजरंग दल जिलाध्यक्ष और कांग्रेस नेता की मौत, चालक गंभीर… क्षेत्र में हड़कंप

सागर, यशभारत ।जिले के शाहगढ़ थाना क्षेत्र में टीकमगढ़ मार्ग पर देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बोलेरो वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने हुई भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शाहगढ़ थाना अंतर्गत रात करीब दो बजे सिमरिया के आगे बीला नदी के पुल के पास हुआ। छतरपुर जिले के भगवा क्षेत्र के युवक बोलेरो वाहन से जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में भगवा के हरिनगर निवासी 26 वर्षीय प्रमोद सिंह लोधी (राष्ट्रीय बजरंग दल जिलाध्यक्ष, छतरपुर) और भगवा के बदेलन खेरा निवासी 35 वर्षीय उत्तम यादव (कांग्रेस नेता) की मौत हो गई।
दुर्घटना में बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही शाहगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
अंचल में शोक, कारणों की जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि प्रमोद सिंह लोधी और उत्तम यादव दोनों ही सामाजिक और राजनीतिक रूप से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर कार्य कर रहे थे। दो युवाओं के असमय निधन से क्षेत्रवासियों में शोक का माहौल है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसा किन वजहों से हुआ। शाहगढ़ थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







