मुख्य ख़बरें

विजय की दहलीज पर विदाई: बेटे को चैंपियन बनता देख दुनिया से रुखसत हो गए पिता, शोक में डूबा खेल जगत, समापन समारोह निरस्त

सागर, यशभारत l 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन बेहद दुखद घटनाक्रम के बीच हुआ। प्रतियोगिता में तेलंगाना दल के साथ आए टीम मैनेजर तलावी मनोज कुमार (55) का दोपहर होटल में सोते समय अचानक निधन हो गया। हैरान कर देने वाली स्थिति यह रही कि जिस समय पिता अस्पताल में जिंदगी की जंग हार रहे थे, उसी दौरान उनका बेटा कार्तिकेय कोर्ट पर अपना मुकाबला जीतकर राष्ट्रीय स्पर्धा के टॉप-16 में जगह बना रहा था।

जानकारी के अनुसार, तलावी मनोज कुमार अपने बेटे कार्तिकेय के साथ टीम मैनेजर के रूप में प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे थे। शिक्षा विभाग के खेल अधिकारी संजय दादर ने बताया कि मनोज कुमार शहर के एक निजी होटल में ठहरे थे। दोपहर में लंच के बाद वे सोने चले गए। काफी देर बाद जब बेटे कार्तिकेय ने उन्हें उठाने का प्रयास किया तो वे नहीं उठे। इसके बाद कार्तिकेय ने तुरंत कोच को सूचना दी, जिन्होंने कंट्रोल रूम को अवगत कराया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीपीआर दिया गया और एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें बीएमसी के सामने स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तलावी मनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया।

मैच में जुटा रहा बेटा, परिणाम के बाद दी गई सूचना

पिता के अस्वस्थ होने और अस्पताल ले जाए जाने के बीच बेटे कार्तिकेय को मैच खेलने के लिए भेजा गया। कार्तिकेय ने पूरे धैर्य और एकाग्रता के साथ खेलते हुए तेलंगाना के लिए अंडर-14 वर्ग में पुडुचेरी को 9 के मुकाबले 30 अंकों से पराजित किया। मैच के दौरान कार्तिकेय को पिता के निधन की जानकारी नहीं दी गई थी। मुकाबला समाप्त होने और परिणाम आने के बाद ही उसे पिता की मौत की दुखद सूचना दी गई। इस जीत के साथ कार्तिकेय ने टॉप-16 में प्रवेश तो कर लिया, लेकिन पिता के निधन के कारण वह अगला प्रस्तावित मुकाबला चंडीगढ़ के विरुद्ध नहीं खेल सका।

समापन समारोह निरस्त, पार्थिव शरीर गृह नगर रवाना

संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर संभाग शत्रुंजय प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके बाद तेलंगाना टीम के अन्य मैनेजर, दो कोच और दो ड्राइवरों के साथ एंबुलेंस से पार्थिव शरीर को उनके गृह नगर तेलंगाना के लिए रवाना किया गया।

टीम मैनेजर तलावी मनोज कुमार के असमय निधन पर पूरे दल में शोक व्याप्त है। शोक के चलते 29 नवंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय शालेय बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन समारोह निरस्त कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button