सिस्टम की सीलन : 27 करोड़ 40 लाख में ‘जर्जर’ स्कूल का तोहफा : टूटते दरवाजे और सीलन भरी दीवारें बयां कर रहीं भ्रष्टाचार की दास्तान

सागर, यशभारत lबच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा देने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे सांदीपनि स्कूलों की निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सागर जिले के नरयावली में 27 करोड़ 40 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से बने सांदीपनि स्कूल के नए भवन की हालत लोकार्पण के महज कुछ ही महीनों में जर्जर होने लगी है। इस भवन का लोकार्पण स्वयं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 23 अप्रैल को किया था।
इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू हुई इस नई बिल्डिंग में घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की पोल खुलने लगी है।
भवन की मौजूदा स्थिति बेहद चिंताजनक है स्कूल के टॉयलेट की सीटें, पार्टिशन के पत्थर और दरवाजे टूट चुके हैं।भवन में लगी स्टील की रेलिंग आधी टूट चुकी है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।क्लासरूम की दीवारों और ऑडिटोरियम में पानी के रिसाव (सीलन) के स्पष्ट निशान दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा, बच्चों के लिए खेल का मैदान भी अभी तक अधूरा पड़ा है।
निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल
मध्य प्रदेश भवन विकास निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD) और पीआईयू (PIU) जैसी प्रमुख निर्माण एजेंसियों की देखरेख में हुए इस निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर लापरवाही बरती गई है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों का आरोप है कि घटिया सामग्री का उपयोग कर न केवल सरकारी धन की बर्बादी की गई है, बल्कि बच्चों के भविष्य और सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है।
कमियों को स्वीकार करते हुए सुधार की बात
इस मामले में लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने कमियों को स्वीकार करते हुए सुधार की बात कही है। उन्होंने कहा, “सांदीपनि स्कूलों में मैंने भी एक सर्वे कराया है, जिसमें दो तरह के कार्य शेष पाए गए हैं। जो कार्य निर्माण एजेंसियों के स्तर पर छूटे हैं, उन्हें वे ही पूरा करेंगी, जबकि शिक्षा से जुड़े कार्यों को विभाग पूरा कराएगा। जिन स्थानों पर निर्माण संबंधी कमियां रह गई हैं या टॉयलेट आदि टूट गए हैं, उन्हें संबंधित निर्माण एजेंसियों से ही ठीक कराया जाएगा।”







