अक्षय तृतीया से पहले सोना-चांदी सस्ता, खरीदारी से ठीक पहले ग्राहकों को राहत
मांग में कमी के कारण चांदी की कीमतों में आई गिरावट

नई दिल्ली। अक्षय तृतीया से ठीक पहले सर्राफा बाजार में हलचल तेज हो गई है। वैश्विक स्तर पर मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सोना और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हालांकि खरीदारी से पहले आम ग्राहकों और निवेशकों के लिए राहत की बात यह है कि आज कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई है।
राजधानी नई दिल्ली में चांदी के दाम में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। चांदी रुपये 5,700 सस्ती होकर रुपये 2,53,000 प्रति किलोग्राम पर आ गई है। वहीं सोना भी स्थिरता के साथ लगभग रुपये 1.56 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास बना हुआ है। ज्वेलरी के लिहाज से सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला 22 कैरेट सोना करीब रुपये 14,134 प्रति ग्राम पर मिल रहा है। वहीं निवेश के लिए पसंद किया जाने वाला 24 कैरेट सोना रुपये 15,419 प्रति ग्राम और 18 कैरेट सोना रुपये 11,564 प्रति ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनिश्चितता और औद्योगिक मांग में कमी के कारण चांदी की कीमतों में गिरावट आई है। साथ ही मिडिल ईस्ट के हालात और संभावित सीजफायर की खबरों के चलते निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए हैं। ऐसे में अक्षय तृतीया से पहले कीमतों में आई यह नरमी खरीदारों के लिए अच्छा अवसर मानी जा रही है।






