पति की प्रताडऩा से तंग आकर विवाहिता ने की थी खुदकुशी -आरोपी पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

पति की प्रताडऩा से तंग आकर विवाहिता ने की थी खुदकुशी
-आरोपी पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज
भोपाल। बिलखिरिया थाना क्षेत्र में पिछले दिनों एक नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इस मामले में पुलिस ने उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उसे शादी के बाद से ही मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताडि़त कर रहा था। वहीं महिला को शक था कि उसके पति का किसी अन्य महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है।
एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि कोकता नंबर-1 दौलतपुरा निवासी क्रांति प्रजापति पति छोटे लाल(27) ने गत 29 मई को अपने घर में फांसी लगा ली थी। घटना का पता चलने पर परिजनों ने उसे फंदा खोलकर हमीदिया अस्पताल पहुंचाया था। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर देवलखेड़ा में रहने वाले मृतका के मायके पक्ष के बयान दर्ज किए थे। मायके पक्ष के बयानों में पता चला था कि दिसंबर 2022 में क्रांति और छोटे लाल की शादी हुई थी, दोनों का एक बेटा भी है। शादी के बाद से ही पति छोटे लाल अपनी पत्नी क्रांति को अक्सर मानसिक से प्रताडि़त कर मारपीट करता था। करीब एक साल पहले से क्रांति को शक हो गया था कि उसके पति छोटे लाल का किसी अन्य महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इस बात का जिक्र उसने अपने मायके पक्ष से किया था। उसके बाद क्रांति के परिजनों ने छोटे लाल को समझा, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। जब पति छोटे लाल ने उसे प्रताडि़त करना बंद नहीं किया तो तंग आकर पत्नी क्रांति ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।







