खड़गे के आतंकवादी वाले बयान पर भड़के सीएम मोहन यादव, कहा- माफी मांगें कांग्रेस अध्यक्ष

खड़गे के आतंकवादी वाले बयान पर भड़के सीएम मोहन यादव, कहा- माफी मांगें कांग्रेस अध्यक्ष
भोपाल, यशभारत। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दी गई एक टिप्पणी ने देशव्यापी राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के दौरान खड़गे द्वारा पीएम मोदी को कथित तौर पर आतंकवादी की तरह बताने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। सीएम ने खड़गे के इस बयान को बेहद निंदनीय बताते हुए उनसे तुरंत माफी मांगने को कहा है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च और संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के लिए इस तरह की अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को अपने आचरण और व्यवहार पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और भविष्य में इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए।
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब चेन्नई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा था कि मोदी एक आतंकवादी की तरह हैं जो समानता और न्याय में विश्वास नहीं रखते। हालांकि, जब इस बयान पर भाजपा ने कड़ा रुख अपनाया और विवाद बढ़ गया, तो खड़गे ने अपनी बात पर सफाई दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके कहने का तात्पर्य यह था कि प्रधानमंत्री विपक्षी पार्टियों और लोगों को डराने-धमकाने की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा, मैंने यह कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं, मेरा मतलब उनके धमकी देने के अंदाज से था।
इस घटनाक्रम के बाद भाजपा हमलावर मुद्रा में है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जोर देकर कहा कि ऐसी टिप्पणियां न केवल लोकतंत्र की मर्यादा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि राजनीति के गिरते स्तर को भी दर्शाती हैं।







