भोपाल में आरंभ हुआ छठ महापर्व, घाटों पर पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालु
चार दिनों तक सुरक्षा व सतर्कता की विशेष व्यवस्था

भोपाल में आरंभ हुआ छठ महापर्व, घाटों पर पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालु
– चार दिनों तक सुरक्षा व सतर्कता की विशेष व्यवस्था
भोपाल यशभारत। आास्था का महापर्व छठ विधिवत प्रारंभ हो गया है। रविवार सुबह से ही श्रद्धालु शहर के घाटों पर पहुंचे और सूर्य को अद्धर्य दिया। शहर के तालाबों, घाटों और परिवारों के घरों में धार्मिक माहौल छाया रहा। सूर्योपासना, व्रत-साधना और सामूहिक लोकआस्था का केंद्र बना रहेगा। नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस ने शहर के प्रमुख घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था की है।
शहर के शीतलदास की बगिया, बड़े तालाब, खटलापुरा घाट, भदभदा, शाहपुरा तालाब, मणुआभान टेकरी तालाब, भेल क्षेत्र का सूर्य तालाब और अयोध्या नगर क्षेत्र सहित दो दर्जन से अधिक घाटों को विशेष रूप से तैयार किया गया है। कई घाटों पर अस्थायी मार्ग और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है ताकि भीड़ के दौरान फिसलन और धक्का-मुक्की से बचा जा सके।
सुरक्षा और निगरानी में सख्ती
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पर्व के दौरान ड्रोन कैमरों से भीड़ की मॉनिटरिंग की जाएगी। शाम और सुबह के अर्घ्य के समय जलस्तर के किनारे क्यूआरटी टीमें मौजूद रहेंगी। महिला श्रद्धालुओं की अधिक उपस्थिति को देखते हुए महिला पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ाई गई है। कई जगहों पर अस्थायी कंट्रोल रूम, फर्स्ट एड पॉइंट और पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम लगाए गए हैं।
वैकल्पिक मार्ग तैयार किए गए
ट्रैफिक पुलिस ने घाटों के आसपास वैकल्पिक मार्ग निर्धारित कर दिए हैं ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा न हो। साथ ही अतिक्रमण हटाने और अवैध स्टॉल्स पर कार्रवाई भी की जा रही है, जिससे घाटों का मुख्य प्रवेश मार्ग सुगम बना रहे।
सांस्कृतिक समन्वय की छवि
मूलत: पूर्वांचल की परंपरा माने जाने वाले इस पर्व में इस बार बड़ी संख्या में स्थानीय परिवार भी शामिल हो रहे हैं, जिससे घाटों पर व्यापक सामाजिक समन्वय का दृश्य देखने को मिलेगा। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में सोमवार को ‘खरना’, मंगलवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य और बुधवार सुबह उदयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होगा।






