आर्मी मेजर ने बुजुर्ग को घर में घुसकर पीटा

आर्मी मेजर ने बुजुर्ग को घर में घुसकर पीटा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के दानिश कुंज कोलार इलाके में पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आर्मी में बतौर मेजर पदस्थ विवेक पांडे पर आरोप है कि उन्होंने कॉलोनी के एक ग्रुप में किए गए कमेंट से नाराज होकर 66 वर्षीय बुजुर्ग गोरेलाल पांडे के साथ उनके घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट की। बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने मेजर विवेक पांडे के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। हालांकि, आरोपी मेजर की गिरफ्तारी अभी नहीं हो पाई है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, गोरेलाल पांडे (66) मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। बुजुर्ग के पड़ोस में रहने वाले मेजर विवेक पांडे की कॉलोनी ग्रुप में एसआईआर सर्वे को लेकर एक पोस्ट डाली गई थी। इस पोस्ट पर बुजुर्ग गोरेलाल पांडे ने मेजर विवेक पांडे को टैग करके टिप्पणी कर दी।
निर्वाचन नामावली का बहाना बनाकर पीटा
वृद्ध गोरेलाल पांडे ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे मेजर विवेक उनके घर पहुंचे और गेट नॉक किया। जब उनकी पत्नी गेट पर आईं, तो मेजर ने ‘निर्वाचन नामावली चेक’ करने का बहाना बनाकर उन्हें (गोरेलाल को) बुलाने को कहा।
गोरेलाल जैसे ही लॉन में पहुंचे, मेजर विवेक पांडे घर के अंदर घुस आए। उन्होंने गालियां देते हुए बुजुर्ग पर हमला कर दिया। मेजर ने उन्हें चांटा मारा, चेहरे पर मुक्का मारा और जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा। पत्नी के शोर मचाने के बाद आरोपी मेजर मौके से भाग निकले।
मेजर पर FIR दर्ज, गिरफ्तारी बाकी
पुलिस ने रिटायर्ड कर्मचारी गोरेलाल पांडे की शिकायत के आधार पर मेजर विवेक पांडे के खिलाफ मारपीट और धमकाने की धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि आरोपी आर्मी मेजर की तलाश की जा रही है, लेकिन फिलहाल उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।







