फिल्म ज़ख्मी परिंदा 24 अप्रैल को देशभर के 250 टॉकीजों में होगी रिलीज

फिल्म ज़ख्मी परिंदा 24 अप्रैल को देशभर के 250 टॉकीजों में होगी रिलीज
सामाजिक संदेश और रोंगटे खड़े कर देने वाले एक्शन से सजी पाटीदार प्रोडक्शन की पहली फिल्म,
सेंसर बोर्ड ने दी हरी झंडी
भोपाल, यशभारत। शाजापुर के इतिहास में सिनेमाई जगत का सबसे बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है। स्थानीय प्रतिभाओं के हुनर और बड़े विजन से सजी फिल्म ज़ख्मी परिंदा आगामी 24 अप्रैल को मध्य प्रदेश सहित देश के 250 से अधिक सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होने के लिए तैयार है। पाटीदार फिल्म प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी यह फिल्म न केवल मनोरंजन करेगी, बल्कि समाज के संवेदनशील मुद्दों पर एक गहरी चोट भी करेगी।
सेंसर बोर्ड की UA 16 रेटिंग और सामाजिक प्रहार
फिल्म की संवेदनशीलता और इसमें उठाए गए सामाजिक मुद्दों की गहराई को देखते हुए सेंसर बोर्ड ने इसे UA 16 रेटिंग के साथ पास किया है। फिल्म के निर्माता और अभिनेता रामेश्वर चौधरी ने भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ दर्शकों को समाज के महत्वपूर्ण पहलुओं पर सोचने के लिए मजबूर कर देगी।
2.5 करोड़ का बजट और उच्च स्तरीय तकनीक
फिल्म निर्माण की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे 2.5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। निर्देशक राजू चौहान के नेतृत्व में फिल्म की अधिकांश शूटिंग शाजापुर के वास्तविक लोकेशंस पर की गई है। दर्शकों को इसमें बॉलीवुड स्तर की सिनेमाटोग्राफी, दमदार एक्शन, दिलकश रोमांस और लोटपोट कर देने वाली कॉमेडी का ‘फुल पैकेज’ देखने को मिलेगा।
दिग्गज कलाकारों और सुरीले संगीत का जादू
फिल्म की स्टार कास्ट ने अपने अभिनय से किरदारों में जान फूंक दी है। मुख्य भूमिकाओं में रामेश्वर चौधरी, कल्पना साहनी और मोनू गुज्जर नजर आएंगे। वहीं कीर्ति वर्मा, अनिल राय, शिवानी बिजोरिया और शुभम चक जैसे कलाकारों ने भी फिल्म को मजबूती दी है। फिल्म के गीतों को बॉलीवुड की मशहूर गायिका ऋतु पाठक ने अपनी सुरीली आवाज दी है, जबकि संगीत दर्पण अग्रवाल ने तैयार किया है।







