देश

बैंक लोन फ्रॉड मामले में AAP नेता दीपक सिंगला गिरफ्तार, दिल्ली-गोवा में ईडी की छापेमारी

मनीष सिसोदिया ने भी केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार सुबह कथित बैंक लोन फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता दीपक सिंगला समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई दिल्ली और गोवा में एक साथ की गई। छापेमारी के कुछ घंटों बाद ईडी ने दीपक सिंगला को गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम सुबह करीब 6 बजे दिल्ली के विश्वास नगर स्थित सिंगला के आवास और कार्यालय पहुंची। इसके अलावा गोवा में भी पार्टी से जुड़े कुछ ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सीबीआई द्वारा दर्ज एक पुराने बैंक लोन फ्रॉड मामले के आधार पर की गई है।

दीपक सिंगला आम आदमी पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। वे दिल्ली नगर निगम (MCD) के सह-प्रभारी होने के साथ महाराष्ट्र और गोवा के पार्टी प्रभारी भी हैं। वर्ष 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने विश्वास नगर सीट से चुनाव लड़ा था।

ईडी के अनुसार, मामले में आरोप है कि बैंक से करोड़ों रुपये का लोन लेकर उसका गलत उपयोग किया गया और बाद में उस राशि को मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए छिपाने की कोशिश की गई। जांच एजेंसी इस पूरे नेटवर्क की वित्तीय पड़ताल कर रही है।

वहीं आम आदमी पार्टी ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि दीपक सिंगला को इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वे भाजपा के खिलाफ सक्रिय हैं और उन्होंने पार्टी छोड़ने से इनकार किया। केजरीवाल ने उन्हें “बहादुर” बताते हुए कहा कि वे देश के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को कमजोर करने के लिए किया जा रहा है। पार्टी नेताओं का दावा है कि पंजाब और गोवा जैसे चुनावी राज्यों में संगठनात्मक ताकत को कमजोर करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है।

इसी दिन ईडी ने दिल्ली के सुभाष नगर स्थित बाबाजी फाइनेंस ग्रुप से जुड़े ठिकानों पर भी छापेमारी की। इस मामले में निवेश के नाम पर करीब 180 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप बताया जा रहा है।

फिलहाल ईडी दीपक सिंगला से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। वहीं इस कार्रवाई के बाद दिल्ली की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button