पितृपक्ष पर कटनी के रेल यात्रियों को मिली राहत, गया के लिए कटनी जंक्शन होकर चलेगी स्पेशल टे्रन

कटनी, यशभारत। पितृपक्ष पर बिहार के गया जी में पिंडदान और तर्पण के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए रानी कमलापति से गया तथा जबलपुर से गया के बीच दो जोड़ी विशेष ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें दोनों दिशाओं में 12 फेरे चलेंगी। इन स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की सुगम यात्रा के लिए वातानुकूलित, स्लीपर तथा सामान्य श्रेणी के डिब्बे उपलब्ध रहेंगे। जानकारी के मुताबिक गाड़ी संख्या 01661 रानी कमलापति से गया ट्रेन 27 सितंबर, 2 अक्टूबर एवं 7 अक्टूबर को दोपहर 15.20 बजे रानी कमलापति स्टेशन से प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 14.30 बजे गया पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 01662 गया से रानी कमलापति ट्रेन 30 सितंबर, 5 अक्टूबर एवं 10 अक्टूबर को दोपहर 15.30 बजे गया से रवाना होकर अगले दिन शाम 16.15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। यह गाड़ी दोनों दिशाओं में नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन एवं अनुग्रह नारायण रोड स्टेशनों पर रुकेगी।
जबलपुर से चलेगी स्पेशल टे्रन
गाड़ी संख्या 01701 जबलपुर गया ट्रेन 29 सितंबर, 4 अक्टूबर एवं 9 अक्टूबर को रात 21.25 बजे जबलपुर स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 14.30 बजे गया पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 01702 गया से जबलपुर 28 सितंबर, 3 अक्टूबर एवं 8 अक्टूबर को दोपहर 15.30 बजे गया से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 8.10 बजे जबलपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी-ऑन-सोन एवं अनुग्रह नारायण रोड स्टेशनों पर रुकेगी।







