कटनी से त्रिपुरा तक की यात्रा अब और आसान, रानी कमलापति-अगरतला एक्सपे्रस नियमित चलेगी

कटनी, यशभारत। मध्यप्रदेश अब पूर्वी राज्य से सीधे जुड़ गया और इसका फायदा कटनी में को भी मिलेगा। भोपाल से कटनी होकर त्रिपुरा तक की यात्रा अब और आसान हो गई है। इस रूट पर टे्रन की बढ़ती मांग को देखते हुए रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से अगरतला तक साप्ताहिक नियमित ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन 22 अक्टूबर से प्रत्येक गुरूवार रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से अगरतला के लिए रवाना होगी। मध्यप्रदेश से पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के बीच रेल कनेक्टिविटी और बेहतर हो गई है। रेलवे ने 2 ट्रेनों को नियमित साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलाने का निर्णय किया है। जानकारी के मुताबिक रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से अगरतला तक 22 अक्टूबर से हर गुरुवार ट्रेन चलेगी। ट्रेन नंबर 11665 और 11666 को नियमित साप्ताहिक एक्सप्रेस कर दिया गया है। यह ट्रेन कमलापति रेलवे स्टेशन से रवाना होकर नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, माणिकपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, पटना क्षेत्र, बरौनी, कटिहार होते हुए गुवाहाटी सहित कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होते हुए अगरतला तक पहुंचेगी। इस ट्रेन के नियमित होने से कटनी के यात्रियों को खासा फायदा मिलेगा। अगरलता से यह ट्रेन 25 अक्टूबर से शुरू होगी और हर रविवार रानी कमलापति के लिए चलेगी।







