कटनी

शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सिलेंडर फटने से मकान हुआ क्षतिग्रस्त, गृहस्थी का भी सामान जलकर खाक

कटनी, यशभारत। कटनी जिले की बहोरीबंद तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत बासन में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी रज्जू यादव के मकान में रात करीब 2 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ देर बाद घर में रखा गैस सिलेंडर भी फट गया, जिससे मकान को भारी नुकसान पहुंचा।
आग की लपटों में घर में रखा संपूर्ण गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। सिलेंडर विस्फोट के कारण मकान का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के बाहर सो रहे थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान नष्ट हो चुका था। पीड़ित परिवार को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आगजनी से प्रभावित परिवार को राहत मिल सके। घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button