उधारी में सामान न देने पर विवाद, बीच सड़क युवक की लाठी-डंडों से पिटाई, माधवनगर पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज की किया मामला

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत झिंझरी चौकी के ग्राम गनियारी में उधारी का सामान देने से मना करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। बीच सड़क एक युवक को लाठी-डंडों से घेरकर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गनियारी स्थित एक किराना दुकान पर विक्रम नामक युवक सामान लेने पहुंचा था। दुकान पर मौजूद आकाश बर्मन द्वारा उधारी में सामान देने से मना किए जाने के बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विक्रम ने आकाश को थप्पड़ मार दिया और दोनों के बीच हाथापाई हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद की जानकारी मिलने के बाद प्रेमलाल बर्मन अपने बेटे आशीष, भाई विजय और भतीजे विशाल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने विक्रम को बीच सड़क पर घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई इस मारपीट से सड़क पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसी दौरान किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में प्रारंभिक शिकायत प्रेमलाल बर्मन की ओर से दी गई थी, जिस पर झिंझरी चौकी पुलिस ने विक्रम और मोनू तिवारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। वहीं मारपीट का वीडियो सामने आने और विक्रम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के प्रेमलाल बर्मन, आकाश बर्मन, विजय बर्मन और विशाल बर्मन के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में काउंटर मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







