भक्तिभाव से शुरू हुआ जालपा मढ़िया का जवारा जुलूस, कटनी नदी में होगा विसर्जन

कटनी, यशभारत। शारदेय नवरात्र की नवमी पर शहर की प्रसिद्ध जालपा मढ़िया से जवारा जुलूस भक्तिभाव और श्रद्धा के साथ शुरू हुआ। जुलूस में माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। जवारा विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जुलूस में बाने धारण किए श्रद्धालु आस्था के साथ चल रहे थे, वहीं महिलाएं सिर पर जवारे और कलश धारण कर माता रानी की आराधना करती नजर आईं। भजन मंडलियों और भगतों की टोलियां कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रही थीं। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।
जालपा मढ़िया से शुरू हुई जवारा विसर्जन यात्रा निर्धारित मार्ग से सामुदायिक भवन के सामने से होते हुए रमाकांत पाठक गली और प्यासी गली से होकर कटनी नदी पहुंचेगी, जहां जवारों का विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन के साथ ही नौ दिनों तक व्रत रखने वाले श्रद्धालु अपना व्रत खोलेंगे। जवारा जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। वहीं नगर निगम के कर्मचारी भी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और विसर्जन यात्रा सुचारु रूप से संपन्न हो सके। कटनी शहर की परंपरा के अनुसार जालपा मढिया के जवारा विसर्जन के अगले दिन दशहरा चल समारोह निकाला जाता है।








