आस्था का महापर्व: शारदीय नवरात्रि में भक्ति भाव की अविरल धारा, चहुंओर फैली मां जगदंबा की कृपा

मंडला। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर मंडला शहर में त्योहार पूरे उत्साह, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्रि के दौरान पूरा शहर माता रानी की भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित माता भगवती की भव्य प्रतिमाओं और आकर्षक पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। वहीं, माता के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय हो उठता है। प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ने से नवरात्रि की रौनक देखते ही बन रही है।
माता के दरबार में उमड़ी भीड़
नवरात्रि के आठवें दिन अष्टमी पर माता रानी के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने माता के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित माता की प्रतिमाओं के दर्शन करने के लिए देर शाम तक लोगों का पहुंचना जारी रहा। आकर्षक विद्युत सजावट, सुसज्जित पंडाल और धार्मिक वातावरण ने पर्व की भव्यता को और बढ़ा दिया।
बड़ी खैरी में भव्य पंडाल, प्रदर्शनी भी आकर्षण
शहर के डिंडौरी मार्ग स्थित बड़ी खैरी क्षेत्र में बड़ी खैरी दुर्गोत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी माता रानी का भव्य दरबार सजाया गया है। समिति की ओर से आकर्षक पंडाल तैयार कर आम नागरिकों के लिए माता के दर्शन की व्यवस्था की गई है। पंडाल की सजावट और माता की प्रतिमा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यहां धार्मिक आयोजन के साथ लोगों के मनोरंजन के लिए प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया है। इसके चलते यह स्थान श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शाम होते ही डिंडौरी मार्ग पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है और पूरा क्षेत्र नवरात्रि के उत्सवी माहौल में रंगा दिखाई देता है।
शहर के प्रमुख स्थानों पर सजे माता के दरबार
मंडला शहर के अनेक क्षेत्रों में नवरात्रि की धूम देखने को मिल रही है। कृषि उपज मंडी, बुधवारी चौक, रंगरेज घाट, काली माता चौक, उदय चौक, बस स्टैंड, बिंझिया तिराहा और लालीपुर चौक सहित विभिन्न स्थानों पर माता की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इन स्थानों पर श्रद्धालु पहुंचकर माता के दर्शन कर रहे हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में दुर्गोत्सव समितियों द्वारा अपनी-अपनी परंपराओं के अनुसार धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।
पंडालों की सजावट और माता के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन के लिए पहुंच रहे भक्तों के कारण शहर के प्रमुख इलाकों में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। शाम के समय परिवारों के साथ दर्शन करने आने वाले लोगों की संख्या बढ़ने से बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भी चहल-पहल नजर आ रही है।
महाराजपुर में भी नवरात्रि की धूम
शहर के उपनगरीय क्षेत्र महाराजपुर में भी नवरात्रि पर्व को लेकर खासा उत्साह है। यहां विभिन्न स्थानों पर माता की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जहां श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। माता के जयकारों और भक्ति गीतों से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।
भक्ति और उल्लास से सराबोर शहर
नवरात्रि के दौरान मंडला में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक उत्साह भी देखने को मिल रहा है। जगह-जगह सजे माता के दरबार, श्रद्धालुओं की भीड़ और शाम के समय बढ़ती रौनक ने शहर को उत्सवमय बना दिया है। अष्टमी के अवसर पर उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह इस बात का प्रतीक है कि माता रानी के प्रति लोगों की आस्था कितनी गहरी है। अब श्रद्धालु नवरात्रि के आगामी धार्मिक आयोजनों और माता के दर्शन के लिए उत्साह के साथ पहुंच रहे हैं।







