बीए प्रथम वर्ष में 999 छात्राओं की सप्लीमेंट्री : गर्ल्स कॉलेज के बाहर हंगामा

सागर, यशभारत l गर्ल्स डिग्री कॉलेज में BA प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम घोषित होते ही भारी असंतोष और आक्रोश का माहौल देखने को मिला। परीक्षा में लगभग 999 छात्राओं के एक साथ सप्लीमेंट्री आने से व्यथित छात्राओं ने सोमवार को कॉलेज परिसर के बाहर उग्र प्रदर्शन करते हुए धरना शुरू कर दिया। छात्राओं का आरोप है कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में गंभीर लापरवाही बरती गई है।
छात्राओं का कहना है कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी पूरी लगन और मेहनत से की थी, ऐसे में इतने बड़े पैमाने पर सप्लीमेंट्री आना परीक्षा परिणाम और मूल्यांकन प्रणाली पर सीधे सवाल खड़े करता है। परिसर के बाहर धरने पर बैठी छात्राओं ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि मूल्यांकन में कोई गड़बड़ी हुई है तो उसे तुरंत सुधारा जाए।
कॉलेज के बाहर प्रदर्शन करने के बाद छात्राओं का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे परीक्षा परिणाम की निष्पक्ष जांच कराने और छात्राओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन (री-चेकिंग) कराने की मांग की गई है।
छात्राओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक मूल्यांकन प्रणाली की पारदर्शी जांच नहीं होती और उनके साथ न्याय नहीं होता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल कॉलेज प्रबंधन द्वारा जांच और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन के बाद स्थिति नियंत्रण में है।
“मूल्यांकन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच के लिए एक जांच समिति का गठन कर दिया गया है। टीम छात्राओं के परीक्षा परिणाम और संबंधित रिकॉर्ड की गहन जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी।”
— आनंद तिवारी, प्राचार्य, गर्ल्स डिग्री कॉलेज







