तेज रफ्तार सफारी दीवार से टकराकर पलटी, एक की मौत…क्षेत्र में हड़कंप

सतना। जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार सफारी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से टकराने के बाद पलट गई। इचौल और जीतनगर के बीच हुए इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौत होने की खबर सामने आई है, जबकि वाहन में सवार अन्य लोगों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा नंबर की सफारी कार क्रमांक OD15RQ2700 मैहर से उचेहरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान इचौल और जीतनगर के बीच चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई और टक्कर के बाद पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्रारंभिक जानकारी में एक व्यक्ति की मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि, मृतक की पहचान, घायलों की संख्या और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।







