जबलपुर विमानतल पर यात्री सेवा अभियान का समापन, स्वास्थ्य शिविरों से लेकर सुविधाओं की समीक्षा तक हुई पहल

जबलपुर,यश भारत। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के जबलपुर विमानतल पर 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित ‘यात्री सेवा अभियान 2026’ का सफलतापूर्वक समापन हुआ। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, सेवा की गुणवत्ता सुधारने तथा विमानतल परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और यात्री संतुष्टि को बढ़ावा देना रहा। अभियान के दौरान यात्रियों के स्वागत, विनम्र व्यवहार और सहयोगात्मक सेवा पर विशेष जोर दिया गया। यात्रियों के स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दंत चिकित्सा और नेत्र जांच शिविर आयोजित किए गए। वहीं, विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को विमानतल का भ्रमण कराकर विमानन क्षेत्र की कार्यप्रणाली और उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।

विमानतल की साफ-सफाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हाउसकीपिंग कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, दिशासूचक संकेतकों और उड़ानों से संबंधित सूचनाओं सहित यात्री सुविधाओं की समीक्षा की गई।
अभियान में वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और बच्चों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा यात्रियों की शिकायतों के प्रभावी निराकरण पर भी ध्यान दिया गया। विमानतल प्रबंधन ने यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने तथा सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार करने की प्रतिबद्धता दोहराई।







