नई दिल्ली जाने वाली जबलपुर की तीन ट्रेनें आज निरस्त, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

जबलपुर,यश भारत। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास 10 अक्टूबर को संभावित यातायात दबाव को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने जबलपुर से चलने वाली तीन सुपरफास्ट ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार, ये ट्रेनें 9 अक्टूबर 2026 को एक दिन के लिए निरस्त रहेंगी।
निरस्त की गई ट्रेनों में गाड़ी संख्या 22181 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12189 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन महाकौशल सुपरफास्ट एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 12121 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एमपी संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन ट्रेनों की वापसी सेवाओं के संबंध में अलग से सूचना जारी की जाएगी। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें स्टेशन पर अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। रेल प्रशासन के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित यात्रा और सुचारु रेल परिचालन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।







