नए डीजीपी के पैनल पर आज दिल्ली में मंथन, सीएम के विदेशी दौरे से पहले तय हो सकता है नाम

नए डीजीपी के पैनल पर आज दिल्ली में मंथन, सीएम के विदेशी दौरे से पहले तय हो सकता है नाम
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश पुलिस के नए मुखिया की नियुक्ति को लेकर आज शुक्रवार नई दिल्ली स्थित संघ लोक सेवा आयोग के कार्यालय में होने वाली एम्पैनलमेंट कमेटी की बैठक से पहले प्रदेश के प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज है। वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके स्थान पर नए पुलिस महानिदेशक के लिए तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का पैनल तैयार करने के लिए आज दोपहर 12:30 बजे यह बैठक होगी समय में बदलाव के बाद बैठक दोपहर 3 बजे के बजाय 12:30 बजे रखी गई है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 23 नवंबर को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए निवेशकों को आमंत्रित करने दक्षिण कोरिया रवाना होने से पहले प्रदेश को नया डीजीपी मिल सकता है। संभावना जताई जा रही है कि 22 नवंबर तक नए डीजीपी के नाम की घोषणा कर दी जाए।
बैठक में ये अधिकारी रहेंगे मौजूद
नई दिल्ली में होने वाली यूपीएससी की एम्पैनलमेंट कमेटी की बैठक में भाग लेने के लिए मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ला और वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना दिल्ली पहुंचे हैं। चयन समिति में यूपीएससी चेयरमैन या उनके प्रतिनिधि के साथ केंद्र के गृह मंत्रालय के प्रतिनिधि गृह सचिव अथवा विशेष सचिव स्तर तक के नामित अधिकारी और मध्यप्रदेश कैडर से बाहर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शामिल होंगे।
11 दावेदारों में से छंटेंगे तीन नाम, इन नामों पर चर्चा
राज्य सरकार की ओर से वरिष्ठता क्रम में 12 आईपीएस अधिकारियों के नाम भेजे गए थे, जिनमें से जी अखेतो सेमा ने चयन प्रक्रिया से बाहर रहने के लिए पत्र लिख दिया है। अब 11 वरिष्ठ अधिकारियों में से तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा।
वरिष्ठता और सेवा रिकॉर्ड के आधार पर वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम संभावित पैनल में सबसे आगे माने जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इनके खिलाफ किसी जांच या शिकायत का जिक्र न होने से इनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। सहमति न बनने की स्थिति में पंकज श्रीवास्तव के नाम पर भी विचार हो सकता है। भेजे गए अन्य नामों में आदर्श कटियार, अनिल कुमार, रवि गुप्ता, अनंत कुमार सिंह, मनमीत नारंग केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर, राजाबाबू सिंह और डीपी गुप्ता शामिल हैं।
सीएम के दौरे से पहले प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 नवंबर को दक्षिण कोरिया दौरे पर जा रहे हैं। ऐसे में शासन स्तर पर कोशिश है कि उनके विदेश रवाना होने से पहले डीजीपी चयन की प्रक्रिया और पैनल से जुड़े कदम आगे बढ़ जाएं, ताकि पुलिस मुख्यालय के शीर्ष नेतृत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट रहे। यूपीएससी की कमेटी तीन अधिकारियों का पैनल राज्य सरकार को भेजेगी, जिसके बाद राज्य सरकार इनमें से किसी एक को मध्यप्रदेश का नया डीजीपी नियुक्त करेगी।







