स्कूल शिक्षा विभाग में 500 करोड़ से ज्यादा की गड़बड़ी के आरोप! पूर्व IFS अधिकारी आजाद सिंह डबास पहुंचे EOW, मंत्री उदय प्रताप सिंह और वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ जांच की मांग

स्कूल शिक्षा विभाग में 500 करोड़ से ज्यादा की गड़बड़ी के आरोप!
पूर्व IFS अधिकारी आजाद सिंह डबास पहुंचे EOW, मंत्री उदय प्रताप सिंह और वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ जांच की मांग
भोपाल,यश भारत। मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। पूर्व आईएफएस अधिकारी आजाद सिंह डबास ने स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आपराधिक प्रकरण दर्ज कर विस्तृत जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में 149 करोड़ रुपये के स्कूल मेंटेनेंस बजट और करीब 350 करोड़ रुपये के यूनिफॉर्म टेंडर में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। वहीं, सांदीपनि स्कूलों के लिए 116 चपाती मशीनों की खरीदी पर करीब 8.98 करोड़ रुपये खर्च करने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
डबास ने प्रदेश के 92 हजार 520 स्कूलों के बजट, पाठ्य पुस्तक निगम में कागज खरीदी और प्रिंटिंग टेंडरों की जांच की मांग की है। शिकायत में कथित बिचौलियों और पूर्व ओएसडी की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। साथ ही मंत्री अधिकारियों और संबंधित लोगों की संपत्तियों की जांच की मांग की गई है। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।







