दुष्कर्म के मामले में जेल भेजे गए बड़वारा जनपद के ग्राम पंचायत पठरा के सरपंच, जिला प्रशासन ने किया निलंबित, अब होंगे चुनाव

कटनी, यशभारत। दुष्कर्म के गंभीर मामले में गिरफ्तार होकर जेल भेजे गए बड़वारा जनपद की ग्राम पंचायत पठरा के सरपंच अशोक सिंह गौड़ को जिला प्रशासन ने पद से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी ने मप्र पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 39 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी किया। प्रशासन के अनुसार जनपद पंचायत बड़वारा के सीईओ की रिपोर्ट तथा बड़वारा पुलिस से प्राप्त जानकारी के आधार पर सरपंच के विरुद्ध दुष्कर्म, गंभीर अपराध के उद्देश्य से गृह अतिक्रमण और आपराधिक धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेजा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सरपंच को प्रकरण के अंतिम निर्णय तक पद से निलंबित कर दिया है, साथ ही ग्राम पंचायत पठरा में स्थानापन्न सरपंच के निर्वाचन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायत सचिव को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।







